जोधपुर। बड़ा रामद्वारा चांदपोल में स्वामी भगवानदास महाराज का 222वां बरसी महोत्सव शुक्रवार से शुरू हुआ। आगामी 24 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव में पहले दिन गुदड़ी दर्शन के साथ शुरुआत हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं संतों के प्रवचन भी हुए। दर्शन को लेकर सुबह से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां आने वाले श्रद्धालुओं का तिलक, चंदन लगाकर स्वागत किया गया बाद में महाप्रसादी हुई।रामस्नेही संत हरिराम शास्त्री ने बताया कि भगवानदास महाराज का बरसी महोत्सव एक माह तक चलेगा। इसके तहत कई कार्यक्रम होंगे जिसमें दो फरवरी तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा, 3 से 8 फरवरी तक मीरा चरित्र कथा, 9 को राणी सती मंगल पाठ, भजन कीर्तन, 10 से 18 फरवरी तक रामायण पाठ, 19 फरवरी को सुंदरकांड, 20 से 23 फरवरी तक अखंड वाणीजी पाठ, 24 फरवरी को फाग महोत्सव के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। साल में एक बार एक माह के लिए होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर काफी दिनों से तैयारियां की जा रही थी। श्रद्धालुओं को प्रवचन में संतों ने संस्कारों का पाठ पढ़ाया। वहीं भगवान नाम जप की महत्ता बताते हुए जीवन को लोक कल्याण के मार्गों पर समर्पित करने का आह्वान किया।