जोधपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल में निपुण भारत की बैठक आयोजित की गई जिसमें केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर के अधीनस्थ जोधपुर संकुल के सभी केंद्रीय विद्यालयों से प्राचार्य, प्रधानाध्यापक एवं वरिष्ठ प्राथमिक शिक्षकों ने सहभागिता की।
बैठक में सर्वप्रथम संकुल प्रभारी एवं केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 थलसेना जोधपुर के प्राचार्य यूआर मेघवाल सहित संकुल के अन्य केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापकों एवं वरिष्ठ प्राथमिक शिक्षकों का हरित स्वागत किया गया। स्थल प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार व्यास ने अपने उद्बोधन द्वारा बैठक में पधारे हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया। विद्यालय के संगीत शिक्षक अमर सिंह माली ने अपने गीत द्वारा सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों में सतत रूप से जारी मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षण के परिणाम का तुलनात्मक एवं ग्राफिकल विश्लेषण किया गया। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 वायुसेना जोधपुर की वरिष्ठ प्राथमिक शिक्षिका नीरू चड्ढा ने हॉलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड पर व्याख्यान दिया। स्थल प्राचार्य डॉ राकेश कुमार व्यास एवं केंद्रीय विद्यालय बनाड़ के प्राचार्य विष्णु दत्त टेलर ने टीएलएम को कक्षाकक्ष शिक्षण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सभी सदस्यों के साथ विचार विमर्श किया। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 वायुसेना जोधपुर के प्रधानाध्यापक आरआर आजाद द्वारा केंद्रीय विद्यालयों में चलाई जा रही आनंदवार गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात केंद्रीय विद्यालयों में कक्षाकक्ष शिक्षण में शिक्षकों द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। केंद्रीय विद्यालय बनाड़ की शिक्षिका रजनी लुगारिया ने विद्यालय में चलाए जा रहे बालवाटिका कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्थल केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामेश्वर लाल दवे द्वारा प्राथमिक विभाग के बच्चों के लिए एमडीपी अर्थात बहुविषयक परियोजना कार्य की उपादेयता एवं महत्व पर व्याख्यान दिया गया। अगले शैक्षिक सत्र में आयोजित होने वाली निपुण भारत की बैठक स्थल हेतु केंद्रीय विद्यालय जालोर को प्रस्तावित किया गया। स्थल केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामेश्वर लाल दवे ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।