जोधपुर, 3 अप्रैल।
राष्ट्रसंत ललितप्रभ सागर महाराज, राष्ट्रसंत चंद्रप्रभ सागर महाराज एवं डॉ. मुनि शांति प्रिय सागर महाराज के सानिध्य में 4 अप्रैल, शनिवार को प्रातः 9:30 बजे कायलाना रोड स्थित संबोधि धाम में दीक्षार्थी अभिनंदन समारोह आयोजित होगा।
संबोधि धाम के अध्यक्ष अशोक पारख एवं महासचिव देवेंद्र गैलड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के आयोजक चंपालाल-शकुंतला गुलेच्छा के अनुसार मात्र 13 वर्ष की आयु में आगम गुलेच्छा 23 अप्रैल को पालीताणा तीर्थ में दीक्षा ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर संबोधि धाम में ट्रस्ट मंडल एवं शहरवासियों द्वारा दीक्षार्थी का सम्मान एवं अनुमोदना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आगम गुलेच्छा का जन्म विजयवाड़ा में हुआ तथा वे वर्तमान में सूरत निवासी हैं। वे पिछले 5 वर्षों से जैन धर्म के शास्त्रों का गहन अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने पाँच प्रतिक्रमण, चार प्रकरण, चार कर्म ग्रंथ, सात स्मरण एवं तीन भाष्य सहित अनेक धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन किया है।
इसके साथ ही उन्होंने 24 तीर्थंकर तप, गौतम लब्धि तप, उपधान तप, 11 ओली तप जैसी अनेक कठोर तपस्याएं की हैं तथा लगभग 4500 किलोमीटर की पदयात्रा कर देशभर के अनेक तीर्थों का भ्रमण किया है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने मात्र साढ़े 6 वर्ष की आयु में केश लोचन भी कराया था।
संबोधि धाम ट्रस्ट मंडल ने सभी श्रद्धालु भाई-बहनों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।











