जोधपुर, 23 अक्टूबर।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को निगम की अतिक्रमण टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क और दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को आखलिया से प्रताप नगर होते हुए कायलाना चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद शाम को घंटाघर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर और मुख्य सड़कों पर रखा सामान हटाया गया तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया गया। साथ ही सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे हाथ ठेलों को भी व्यवस्थित करवाया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करना, बाजारों में आवागमन सुगम बनाना और आमजन को राहत प्रदान करना है। त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम की ओर से अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अभियान के दौरान कुछ स्थानीय व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध भी जताया, लेकिन निगम की टीम अतिक्रमण हटाने में जुटी रही। नगर निगम ने इस कार्य के दौरान लगभग 10 गाड़ी सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा, सुरेश हंस सहित नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही। आयुक्त ने आमजन से अपील की गई है कि वे दुकानों के बाहर और सार्वजनिक सड़कों पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।












