जोधपुर, 14 अप्रैल। संत शिरोमणि संत सैन जी महाराज के प्रकटोत्सव के अवसर पर जोधपुर शहर में सैन जयंती हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस दौरान 100 से अधिक आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
मारू नाई विकास समिति जोधपुर एवं सैन जयंती महोत्सव समिति 2026 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत गुलाब सागर स्थित सैन मंदिर में यज्ञ के साथ हुई, जहां सर्वजन की खुशहाली की कामना की गई। इसके पश्चात संत सैन जी महाराज की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को विधिवत रवाना किया गया।
प्रमुख संयोजक विक्रम परिहार ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा ऐतिहासिक रही, जिसमें शहर सहित कुड़ी, बोरानाडा, मसूरिया, नांदड़ी एवं बनाड़ सहित आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक झांकियां शामिल हुईं। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में संत सैन जी महाराज सहित समाज के 12 महापुरुषों की झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। इनमें महापद्म नंद, कर्पूरी ठाकुर, नारायणी माता, भिखारी ठाकुर सहित कई विभूतियों की झलक देखने को मिली।
सामाजिक संदेश देती झांकियां बनी आकर्षण
श्री सैन मारू शिक्षण संस्थान, कागा द्वारा बालिका शिक्षा, नशा मुक्ति एवं बाल विवाह उन्मूलन जैसे विषयों पर शिक्षाप्रद झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
विभिन्न मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा गुलाब सागर सैन मंदिर से रवाना होकर घंटाघर, नई सड़क, सोजती गेट, स्टेशन रोड, जालोरी गेट, खांडा फलसा, आड़ा बाजार होते हुए त्रिपोलिया पहुंची और पुनः घंटाघर होते हुए सैन मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई।
जनप्रतिनिधि व गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में संत सत्यनारायण जी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक मनीषा पंवार एवं पूर्व महापौर कुंती देवड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सैन जयंती समारोह समिति 2026 के अध्यक्ष संजय पंवार ने सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।













