जोधपुर: Akhil Bharatiya Patrakar Suraksha Samiti के संगठन विस्तार के तहत जोधपुर जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस क्रम में सूर्यांश मुथा (एम.कॉम) को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मुथा ने कहा कि समिति का उद्देश्य देशभर के पत्रकारों को एक मंच पर संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पत्रकारों को सुरक्षा, कार्यस्थल पर दबाव और निष्पक्ष पत्रकारिता बनाए रखने जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में संगठन उनके लिए एक मजबूत सहारा साबित होगा।
उन्होंने आगे बताया कि समिति पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बीमा, प्रशिक्षण एवं कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य करेगी। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को समान मान्यता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
मुथा ने कहा कि संगठन सरकार एवं संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित कर पत्रकारों की समस्याओं का समाधान करेगा। साथ ही पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपना कार्य कर सकें।
उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए जिले के सभी पत्रकारों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वह अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।












