ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 सरपंच हुए सम्मानित
राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस पर उत्कृष्ट सरपंचों का सम्मान
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 सरपंच हुए सम्मानित
जोधपुर, 24 अप्रैल। राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस 2026 के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद परिसर स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग तथा महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 महिला एवं पुरुष सरपंचों को सम्मानित किया गया। जिला प्रमुख श्रीमती लीला मदेरणा ने सभी सरपंचों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
गांवों के सशक्तिकरण से मजबूत होगा लोकतंत्र
अपने संबोधन में जिला प्रमुख श्रीमती लीला मदेरणा ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था लोकतंत्र की मूल आधारशिला है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी को सुदृढ़ करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास गांवों से प्रारंभ होता है और यही समग्र विकास की दिशा तय करता है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
गांवों से शुरू होता है विकास का वास्तविक स्वरूप
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुरूप पंचायतीराज व्यवस्था का मूल आधार गांव हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सरपंच स्थानीय स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
कार्यक्रम में जिला स्वच्छता मिशन, महात्मा गांधी नरेगा योजना, राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग, सांसद एवं विधायक क्षेत्रीय विकास योजनाओं के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य करने वाले सरपंचों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित सरपंचों में ग्राम पंचायत झंवर (धवा) के श्री भंवरलाल, चावण्डा (केरू) की श्रीमती अमराव कंवर, सोईन्तरा (शेरगढ़) के श्री गोविन्द सिंह, मेलबा (धवा) के श्री जगदीश पटेल, बावड़ी क्षेत्र की श्रीमती भंवरी देवी, शिवनगर (तिंवरी) के श्री पुरखाराम, जाटी भाण्डू (बालेसर) की श्रीमती मूमल, ओसियां क्षेत्र की श्रीमती संतोष कंवर, बालरवा (तिंवरी) की श्रीमती अंजू परिहार एवं गारासनी (भोपालगढ़) के श्री रामदयाल शामिल रहे।
नवाचार और गुणवत्ता पर विशेष जोर
सम्मानित सरपंचों ने स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, नरेगा कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा वित्त आयोग योजनाओं के अंतर्गत आधारभूत संरचना विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। इनमें टीन शेड, सार्वजनिक स्टैंड, चारदीवारी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं, जिनसे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है।
गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती नीलम लखारा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्रामीण) श्री गणपतलाल सुथार, सहायक अभियंता नरेगा श्री संजय गुप्ता सहित जिला परिषद के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री महेन्द्र सिंह राजपुरोहित एवं जिला आईईसी समन्वयक श्री बोराराम गुर्जर द्वारा किया गया।












