भीषण गर्मी में मरीजों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जोधपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव Gayatri Rathore ने सोमवार को Dr. Sampurnanand Medical College सभागार में चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन, आधारभूत संरचना एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर बी.एस. जोधा ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पतालों की व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की। प्रस्तुतीकरण में स्वीकृत एवं कार्यरत पदों, चिकित्सा अधिकारियों एवं नर्सिंग स्टाफ की स्थिति, ओपीडी-आईपीडी में मरीजों की संख्या, उपलब्ध बेड क्षमता, ऑपरेशन थिएटरों, निर्माण कार्यों, चिकित्सा उपकरणों एवं दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी दी गई।
गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पर्याप्त छायादार स्थान, पेयजल, बैठने एवं शीतलन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के उपचार एवं सुविधा प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि वृद्ध मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़े और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित किया जाए।
मैनपावर एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर
बैठक में उपलब्ध मानव संसाधन एवं अन्य संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए निर्देश दिए गए कि आवश्यकता अनुसार स्टाफ बढ़ाकर कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए तथा विभिन्न इकाइयों में संसाधनों एवं मानव संसाधन का समुचित रोटेशन सुनिश्चित किया जाए।
एक्सपायर्ड दवाइयों एवं उपकरणों के वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश
प्रमुख शासन सचिव ने अस्पतालों में उपयोग में नहीं आने वाली एवं एक्सपायर्ड दवाइयों तथा अनुपयोगी उपकरणों का निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में संसाधनों का उचित प्रबंधन एवं नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है।
एसओपी अनुसार कार्यवाही एवं सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर
श्रीमती राठौड़ ने ऑपरेशन थिएटर कॉम्प्लेक्स में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना के निर्देश दिए।
साथ ही अस्पताल परिसरों में सूचना तंत्र एवं डिस्प्ले व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक सूचनाएं एवं दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं ताकि मरीजों एवं परिजनों को सुविधाजनक रूप से जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












