जोधपुर। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के संरक्षण और उनकी प्यास बुझाने के उद्देश्य से उड़ान फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा “परिंडे लगाओ अभियान” लगातार जारी है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन परिंडे लगाए जा रहे हैं और आमजन को भी पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्मी में प्यास से जूझ रहे बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा कार्य से जोड़ा जा रहा है, जिससे अभियान का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
अभियान से जुड़ते हुए भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने भी परिंडे लगाकर पक्षी सेवा का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, छतों और आसपास के स्थानों पर परिंडे लगाकर नियमित रूप से दाना-पानी की व्यवस्था करें, ताकि इस भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर फाउंडेशन के उपाध्यक्ष पवन आसोपा सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
उड़ान फाउंडेशन का यह अभियान अब शहर में जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों से इसे निरंतर सहयोग मिल रहा है।












