समयबद्ध, सटीक एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश
पहली पूर्णतः डिजिटल एवं पेपरलेस जनगणना की तैयारियां तेज
जनगणना 2027: फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण जारी
-प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर ने दिए समयबद्ध, सटीक व पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश
-पहली पूर्णतः डिजिटल एवं पेपरलेस जनगणना की तैयारियों को गति
-स्वगणना सुविधा से नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी
जोधपुर, 24 अप्रैल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला का निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।
इस अवसर पर उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जोधपुर, श्रीमती मीनाक्षी चौधरी तथा जिला समन्वयक श्री सुरेश चन्द मीना उपस्थित रहे।
पहली डिजिटल व पूर्णतः पेपरलेस जनगणना पर जोर
जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने कहा कि जनगणना 2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल एवं पेपरलेस जनगणना है। प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड पैनल स्टाफ को यह समझाया जा रहा है कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य को किस प्रकार प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
प्रशिक्षणार्थियों की तैयारी सराहनीय
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद के दौरान उनकी तैयारी एवं समझ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी विषय पर पकड़ संतोषजनक है, जो इस महत्वपूर्ण कार्य की सफलता का सकारात्मक संकेत है।
स्वगणना सुविधा: census.gov.in के माध्यम से स्वयं दर्ज करें विवरण
जिला कलक्टर ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में 1 मई से 15 मई 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल के माध्यम से बिना किसी जटिल प्रक्रिया या अतिरिक्त दस्तावेज के स्वयं अपने मकान का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इस प्रक्रिया के उपरांत एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जिससे प्रगणकों के लिए आगामी कार्य और अधिक सुगम हो जाएगा।
फील्ड सर्वे का निर्धारित कार्यक्रम
श्री आलोक रंजन ने बताया कि 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़े संकलित करेंगे। यह संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न की जाएगी।
निष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय से निभाएं दायित्व
श्री आलोक रंजन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करें, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण हो सके। उन्होंने आमजन को भी इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष फोकस
उप जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित तकनीकी, कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अंतिम दिवस पर समूह चर्चा एवं फील्ड अभ्यास भी आयोजित किया जाएगा।
विभिन्न क्षेत्रों के ट्रेनर्स की सहभागिता
द्वितीय बैच के इस प्रशिक्षण में जोधपुर, चामू, लूणी, डांवर बिलाड़ा, भोपालगढ़, बावड़ी, बालेसर, मथानियां एवं पीपाड़ शहर चार्ज क्षेत्रों के 37 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय, जयपुर एवं जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
प्रमुख विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना का परिचय, कानूनी प्रावधान, डिजिटल प्रक्रियाएं, एचएलबी सीमाएं, ले-आउट मानचित्र तथा संबंधित प्रश्नों पर गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे फील्ड स्तर पर कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।












