जोधपुर। शहर के प्राचीन घनश्याम जी मंदिर में नरसिंह चतुर्दशी के पावन अवसर पर शनिवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
मलूका दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर नरसिंह जी के स्वरूप में पियूष शर्मा, मलूका के रूप में मयंक शर्मा तथा प्रह्लाद के रूप में प्रियंश शर्मा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। दर्शन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंदिर परिसर में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान के दर्शन किए।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही।












