जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परिक्रमा मार्ग, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल एवं विश्राम व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा
25 से 31 मई तक आयोजित होगी सात दिवसीय परिक्रमा, विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्व
जोधपुर, 18 मई। मारवाड़ का कुंभ कहे जाने वाले “भागीशैल परिक्रमा-2026” की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों के संबंध में सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में जिला कलक्टर Alok Ranjan की अध्यक्षता तथा जोधपुर विधायक Atul Bhansali एवं सूरसागर विधायक Devendra Joshi की विशिष्ट उपस्थिति में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, एसडीएम (उत्तर) प्रीतम कुमार, एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र पुरोहित, एडीएम (शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं श्री हिन्दू सेवा मण्डल, जोधपुर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने निर्देश दिए कि परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए प्रत्येक स्तर पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं संवेदनशील तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
परिक्रमा व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
बैठक में बताया गया कि सम्पूर्ण परिक्रमा यात्रा के लिए दिनांकवार प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सम्पूर्ण परिक्रमा के लिए श्रीमती अदिति पुरोहित, उपायुक्त, जोधपुर विकास प्राधिकरण को ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सात दिवसीय परिक्रमा का मार्ग निर्धारित
25 मई से शुरू होने वाली सात दिवसीय भागीशैल परिक्रमा हिन्दू सेवा मण्डल कार्यालय, घंटाघर से ध्वज पूजन के साथ प्रारम्भ होगी। परिक्रमा विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों से होते हुए 31 मई को पुनः घंटाघर स्थित हिन्दू सेवा मण्डल कार्यालय पहुंचकर विधिवत सम्पन्न होगी।
परिक्रमा के दौरान भाटी चौराहा, चौपासनी, बड़ली, वैद्यनाथ महादेव, बेरीगंगा एवं मंडोर सहित विभिन्न स्थानों पर रात्रि विश्राम रहेगा।
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विशेष फोकस
बैठक में पुलिस विभाग को यातायात दबाव वाले मार्गों पर पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष परिक्रमा पथ चिन्हित करने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम, जेडीए एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को विश्राम स्थलों पर कूलर, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, साफ-सफाई एवं सड़क मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा, पेयजल एवं आपदा प्रबंधन की तैयारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गर्मी को देखते हुए चिकित्सा टीमों, मोबाइल एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाएं 24 घंटे उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएचईडी एवं नगर निगम द्वारा सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग एवं पड़ाव स्थलों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं एसडीआरएफ एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा स्नान स्थलों एवं जलकुण्डों पर तैराकों की तैनाती की जाएगी।
मोबाइल टॉयलेट, दूध-पानी एवं बिजली की रहेगी व्यवस्था
नगर निगम द्वारा सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग एवं पड़ाव स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे। सरस डेयरी द्वारा पानी एवं दूध के टैंकर लगाए जाएंगे।
वन विभाग द्वारा सर्प रेस्क्यू विशेषज्ञ टीमों की तैनाती की जाएगी, वहीं जोधपुर डिस्कॉम को सभी विश्राम स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलक्ट्रेट, नगर निगम एवं जेडीए द्वारा यात्रा के दौरान नियंत्रण कक्ष की स्थापना एवं संचालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।












