रखरखाव एवं सफाई कार्य के चलते 28 और 29 मई को बदले हुए समय अनुसार होगी सप्लाई
जोधपुर, 25 मई। ग्रीष्म ऋतु के दौरान जल भंडारण व्यवस्था एवं फिल्टर प्लांट, पम्प हाउस तथा पाइप लाइनों के आवश्यक रखरखाव एवं सफाई कार्य के चलते 27 मई को जोधपुर शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी।
जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग (पीएचईडी) नगर वृत्त जोधपुर के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 मई को शहर के समस्त फिल्टर हाउसों से जलापूर्ति बंद रखी जाएगी।
इसके चलते कायलाना, चौपासनी एवं सुरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े सभी क्षेत्रों में 27 मई को होने वाली जलापूर्ति अब 28 मई को तथा 28 मई की जलापूर्ति 29 मई को की जाएगी।
इन क्षेत्रों में 27 मई सुबह 10 बजे तक होगी सामान्य सप्लाई
विभाग के अनुसार झालामंड एवं तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों — सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाईपास एवं शिल्पग्राम के आसपास के इलाकों में 27 मई को सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
हालांकि इन क्षेत्रों में 28 मई को होने वाली जलापूर्ति अब 29 मई को तथा 29 मई की जलापूर्ति 30 मई को की जाएगी।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह कर सहयोग करें, ताकि रखरखाव कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।












