रानी महल में आयोजित हुआ योग शिविर, स्वास्थ्य और योग का दिया संदेश
जोधपुर। क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर एवं एनआईएफ ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में भीतरी शहर स्थित रानी महल में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य “सबके लिए स्वास्थ्य, सबके लिए खेल” है। इसी लक्ष्य को लेकर संस्था द्वारा समय-समय पर योग, खेल एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।













