स्वस्थ आयु के लिए योग है आवश्यक
जोधपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “अबकी बार – स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के अंतर्गत क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर द्वारा आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को जेएनवीयू ओल्ड कैम्पस में वुशू खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक योग प्रदर्शन किया गया।
क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि वर्तमान जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन के लिए योग को अपनाना समय की आवश्यकता बन गया है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन योग प्रशिक्षक गजराज सिंह तथा वुशू प्रशिक्षक विनोद आचार्य के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम, संतुलन आधारित योग क्रियाओं तथा वुशू एवं योग के समन्वय से शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति का अभिन्न अंग है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है।
क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न संस्थानों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग अभ्यास, योग प्रदर्शन तथा जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है।
योग और खेल के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।













