जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में सुरेंद्र सिंह राठौड़ (गागुड़ा) ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गोकुलेश बोहरा को 922 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों और अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कुल आठ प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। मतगणना में सुरेंद्र सिंह राठौड़ को सर्वाधिक 1,379 मत प्राप्त हुए, जबकि गोकुलेश बोहरा को 457 मत मिले। इस प्रकार राठौड़ ने 922 मतों के अंतर से जीत हासिल की। अनिल गौड़ 302 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।आठ प्रत्याशियों को मिले मत : चुनाव परिणाम के अनुसार अनिल गौड़ को 302, गोकुलेश बोहरा को 457, कुलदीप सिंह राठौड़ को 88, एम.आर. डेलू (मगराम डेलू) को 130, महेंद्र पुरी गोस्वामी (सागर) को 25, मनीष पुरोहित को 86, पुण्येंद्र सिंह चौहान को 42 तथा विजेता सुरेंद्र सिंह राठौड़ (गागुड़ा) को 1,379 मत प्राप्त हुए।2,522 मतों में 13 अवैध घोषित : चुनाव में कुल 2,522 मत डाले गए। इनमें से 13 मत अवैध पाए गए, जबकि 2,509 मत वैध घोषित किए गए। सभी आठ प्रत्याशियों को मिले मतों का कुल योग भी 2,509 रहा। चुनाव अधिकारी रामकरण खोजा एवं भंवरसिंह पटावत ने चुनाव प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित जानकारी साझा की।
जीत के बाद अधिवक्ताओं ने मनाया जश्न : परिणाम घोषित होने के बाद सुरेंद्र सिंह राठौड़ के समर्थकों और अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने डीजे की धुन पर नृत्य कर जीत का जश्न मनाया और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। इस जीत के साथ सुरेंद्र सिंह राठौड़ राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर और हाईकोर्ट के नए भवन में निर्धारित केंद्रों पर हुआ। चुनाव अधिकार मालम सिंह राठौड़ के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक करीब 1150 वकीलों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं शाम 4 बजे तक यह आंकड़ा 2370 पहुंच गया। वहीं 5 बजे तक 2522 अधिवक्ताओं ने वोट डाले।मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुनराम चौधरी ने बताया कि हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बूथ संख्या 1 पर महिला अधिवक्ताओं ने मतदान किया। बूथ संख्या 2 में वर्ष 2001 तक पंजीकृत मतदाता, बूथ संख्या 3 में वर्ष 2002 से 2015 तक तथा बूथ संख्या 4 में वर्ष 2016 से 2025 तक पंजीकृत सदस्यों ने मतदान भाग लिया।झालामंड स्थित हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ता चैंबर्स की तीसरी मंजिल पर एसोसिएशन के पुस्तकालय भवन में पांचवां बूथ बनाया गया, जहां 69 सदस्य मतदान के लिए रजिस्टर्ड थे।अध्यक्ष पद के लिए अनिल गौड़, गोकुलेश बोहरा, सुरेंद्र सिंह राठौड़, कुलदीपसिंह राठौड़, महेंद्र पुरी गोस्वामी, मनीष पुरोहित, पुण्येंद्रसिंह चौहान और मगराम डेलू सहित आठ प्रत्याशी मैदान में थे। कुल 3894 पंजीकृत अधिवक्ता मतदान के योग्य थे।
जोशी के इस्तीफे से खाली हुई सीट : एसोसिएशन अध्यक्ष रणजीत जोशी के बार काउंसिल सदस्य निर्वाचित होने के बाद एक साथ दो पदों पर कार्यरत नहीं रहने के नियम के तहत उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसी कारण अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। वर्ष 2025 के एसोसिएशन चुनाव की मतदाता सूची में शामिल सदस्य वकील ही मतदान कर सकेंगे। मतदान के बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।













