जोधपुर, 11 मार्च। सूर्य नगरी जोधपुर की एक और प्रतिभा ने न्यायिक सेवा में सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। जोधपुर के नांदड़ी क्षेत्र की निवासी अदिति राठौड़ का चयन गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित सिविल न्यायाधीश परीक्षा 2024-25 में हुआ है। उन्होंने इस परीक्षा में 71वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षा में भी रही उत्कृष्ट उपलब्धि
अदिति राठौड़ की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी अत्यंत उत्कृष्ट रही है। उन्होंने विधि स्नातक की पढ़ाई राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पटियाला से पूरी की। इसके बाद उन्होंने विधि स्नातकोत्तर की उपाधि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जोधपुर से प्राप्त की।
वर्तमान में अदिति राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जोधपुर से बौद्धिक संपदा अधिकार विषय पर शोध कार्य कर रही हैं।
परिवार में खुशी का माहौल
अदिति की माता सूरज कंवर भाटी जोधपुर के माता का थान स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके पिता रविन्द्र सिंह राठौड़ राजस्थान सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग में उपनिदेशक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
अदिति की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











