जोधपुर।
वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किकबॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन (वाको), वाको इंडिया तथा राजस्थान किकबॉक्सिंग संघ के तत्वावधान में आयोजित सातवीं राजस्थान राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 का जोधपुर स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में आज सफलतापूर्वक समापन हो गया।
जोधपुर जिला किकबॉक्सिंग संघ के सचिव गोविंद प्रजापत ने बताया कि तीन दिवसीय इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 5 वर्ष से 42 वर्ष तक के विभिन्न आयुवर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतिम दिन रोमांचक मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता संपन्न हुई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री ओमप्रकाश पुरोहित एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जोधपुर प्रांत के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रामचंद्र चिल्का उपस्थित रहे। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सहयोग देने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।











