जोधपुर। शहर की प्रमुख बाजार नई सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने नई सड़क क्षेत्र का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और आमजन की आवाजाही की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापारी प्रतिनिधि नवीन सोनी सहित अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने सड़क पर हो रहे अस्थायी अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
व्यापारियों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों से चर्चा कर बाजार क्षेत्र में आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया। व्यापारियों ने बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अवैध अतिक्रमण के कारण हो रही परेशानियों को साझा करते हुए सुझाव भी दिए।
यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन एवं व्यापारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नई सड़क क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाए। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश भी दिए, ताकि बाजार क्षेत्र में सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके।











