
जोधपुर के सिवांची गेट स्थित प्रत्यक्ष महावीर बालाजी मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। “छम-छम नाचे वीर हनुमाना” थीम पर आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर श्रद्धालु अमित, अंकुरिता, रिधान व जीविसा गोदावत परिवार की ओर से 3 फीट ऊंची प्रतिमा पर 11 किलो चांदी का चोला चढ़ाया गया। भजन संध्या के दौरान प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

मंदिर के पुजारी गोपीकिशन वैष्णव ने बताया कि शाम 8 बजे 51 किलो गोटों की ज्योत के साथ भव्य महाआरती की गई। साथ ही 21 किलो सवामणि चूरमा का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसादी वितरित की गई।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा जिला महामंत्री वरुण धनाडिया (उड़ान फाउंडेशन अध्यक्ष), वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पुरोहित, पूर्व जेडीए चेयरमैन डॉ. प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़ एवं पूर्व महापौर कुंती देवड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्ति, आस्था व उत्साह का माहौल देर रात तक बना रहा।











