14 अप्रैल को जोधपुर में जलापूर्ति बंद रहेगी
जोधपुर, 10 अप्रैल।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल भंडारण एवं रखरखाव कार्य के चलते शहर में 14 अप्रैल को जलापूर्ति बंद रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार, फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइप लाइनों की सफाई व आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा।

कायलाना, चौपासनी एवं सुरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 14 अप्रैल को होने वाली जलापूर्ति अब 15 अप्रैल को की जाएगी, जबकि 15 अप्रैल की सप्लाई 16 अप्रैल को दी जाएगी।
अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मेहता ने बताया कि झालामंड एवं तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रहेगी। इसके बाद 15 अप्रैल की सप्लाई 16 अप्रैल को तथा 16 अप्रैल की सप्लाई 17 अप्रैल को की जाएगी।
प्रभावित क्षेत्रों में सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड, पाल बाईपास, शिल्पग्राम एवं आसपास के इलाके शामिल हैं।
विभाग ने नागरिकों से आवश्यकतानुसार जल संग्रह करने की अपील की है।











