जोधपुर में मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन शुरू, आज से ट्रायल रन
जोधपुर, 30 अप्रैल। शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक बेहतर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। काजरी के पास तैयार किया गया मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है और शुक्रवार से इसका ट्रायल रन शुरू किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत अब घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियां (ऑटो टिपर) कचरा एकत्रित कर सीधे ट्रांसफर स्टेशन पर खाली करेंगी। इसके बाद वहां से कचरे को हुक लोडर और कंटेनर के माध्यम से सीधे केरू यार्ड पहुंचाया जाएगा।
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि वर्तमान में कचरा पहले एक स्थान पर इकट्ठा किया जाता है और फिर खुले डंपर में भरकर ले जाया जाता है, जिससे रास्ते में कचरा फैलने और आमजन को परेशानी होने की शिकायतें मिलती हैं। नई प्रणाली से इस समस्या का समाधान होगा और शहर की स्वच्छता में सुधार आएगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में जोन संख्या 2 के वार्ड 11, 12 और 20 तथा जोन संख्या 3 के वार्ड 10, 46, 47, 48 और 50 को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है। संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को नई व्यवस्था के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
नगर निगम का मानना है कि इस आधुनिक व्यवस्था के लागू होने से कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।












