ग्राम रथ अभियान 2026 से बढ़ी जागरूकता, किसानों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
जोधपुर, 02 मई। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत ग्राम पंचायत गगाड़ी में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही एलईडी के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
इस दौरान ग्राम गगाड़ी निवासी कृषक अचलाराम पुत्र बीरमाराम (पालीवाल) को तारबंदी अनुदान योजना के अंतर्गत 29 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस योजना के जरिए वे अपने खेत की तारबंदी कर फसलों को आवारा पशुओं से सुरक्षित रख सकेंगे।
कृषक अचलाराम ने बताया कि इस योजना से उनकी खेती को नया संबल मिलेगा और उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं।
उन्होंने अन्य किसानों से भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।













