जोधपुर, 09 मई। स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के तहत नगर निगम ने शनिवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग सहित भारी मात्रा में डिस्पोजल आइटम जब्त किए। वहीं सरदारपुरा क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पाल रोड क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान निगम टीम को एक ऑटो रिक्शा में रखे कार्टूनों पर संदेह हुआ। पॉलिथीन कैरी बैग रोकथाम प्रभारी पंकज पंडित की टीम ने ऑटो की जांच की तो उसमें बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के डिस्पोजल ग्लास पाए गए।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक कार्टून में करीब 2000 से 2500 डिस्पोजल ग्लास मौजूद थे। निगम टीम ने कुल पांच कार्टून जब्त किए, साथ ही करीब 100 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग भी बरामद किए गए।
आयुक्त जैन ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3400 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
वहीं, पॉलीथिन कैरी बैग रोकथाम प्रभारी अनिल सियोता की टीम द्वारा सरदारपुरा क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर व्यापारियों एवं आमजन से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े के बैग इस्तेमाल करने की अपील की गई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संदेश भी दिया गया।
आयुक्त राहुल जैन ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग बंद कर शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें।











