जोधपुर, सर्व ब्राह्मण महासभा ने सदर कोतवाली के प्रथम कोतवाल एवं जोधपुर की गौरवशाली विरासत के प्रतीक स्वर्गीय फतेह राज कल्ला की स्थापित मूर्ति के खंडित होने की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महासभा के प्रदेशाध्यक्ष (कार्यकारी) सत्य प्रकाश बोहरा ने जारी बयान में कहा कि स्वर्गीय फतेह राज कल्ला अपने कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं अनुकरणीय प्रशासनिक कार्यों के लिए जोधपुर में विशेष सम्मान रखते हैं। उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमा शहर के इतिहास और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में मूर्ति का खंडित होना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बल्कि निंदनीय घटना है।
महासभा के जिलाध्यक्ष आनन्द राज पुरोहित ने प्रशासन से घटना की तत्काल जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मूर्ति की शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कर उसके सम्मानजनक संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
महासभा ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो समाज एवं विभिन्न संगठनों के सहयोग से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
सर्व ब्राह्मण महासभा ने शहरवासियों से भी ऐतिहासिक धरोहरों, महापुरुषों की स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया है।













