जोधपुर, 3 मई 2026।
कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय में “फिट इंडिया मूवमेंट” के तहत “अन्नदाता फिटनेस राइड” थीम पर विशेष साइकिल कार्यक्रम “संडे ऑन साइकिल” आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
यह आयोजन स्टेट ट्रेनिंग सेंटर, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (STC, Sports Authority of India), जोधपुर के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. वी.एस. जैतावत ने की। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधन है, बल्कि यह शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। नियमित साइकिलिंग से हृदय रोग, मोटापा और तनाव जैसी समस्याओं से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में डीन एवं फैकल्टी चेयरमैन डॉ. जे.आर. वर्मा, डॉ. एस.आर. कुमावत, डॉ. एम.एम. सुंदरिया, डॉ. एस. के. मूड, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. एम.एम. कुमावत सहित अन्य फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस पहल के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। यह आयोजन न केवल “फिट इंडिया मूवमेंट” को मजबूती देगा, बल्कि छात्रों में जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश भी प्रसारित करेगा।











