जोधपुर, 10 अप्रैल।
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने शुक्रवार को नागौरी गेट स्थित नागौरी गेट फायर स्टेशन, अन्नपूर्णा रसोई तथा सेंट्रल जेल जोधपुर के पास बने स्थायी आश्रय स्थल का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त राहुल जैन सर्वप्रथम नागौरी गेट फायर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने दमकल वाहनों की स्थिति एवं उनकी कार्यक्षमता के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फायर ब्रिगेड वाहनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए और उन्हें हर समय पानी से भरा एवं आपात स्थिति के लिए तैयार रखा जाए। साथ ही फायर स्टेशन में फोम की उपलब्धता एवं आग बुझाने में उपयोगी उपकरणों की भी जानकारी ली। आयुक्त ने निर्देश दिए कि आगजनी की सूचना मिलते ही त्वरित प्रतिक्रिया दी जाए और फायर कर्मी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके पश्चात उन्होंने फायर स्टेशन के बाहर संचालित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रतिदिन जारी किए जाने वाले कूपनों की जानकारी ली तथा कंप्यूटर में दर्ज रिकॉर्ड की जांच की। आयुक्त ने रसोई संचालक को निर्देशित किया कि प्रत्येक जरूरतमंद को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया जाए और भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने सेंट्रल जेल के समीप स्थित नगर निगम के स्थायी आश्रय स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां ठहरने वाले व्यक्तियों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की और रजिस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आश्रय स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ बिस्तर, शुद्ध पेयजल एवं बेहतर साफ-सफाई की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
आयुक्त के इस आकस्मिक निरीक्षण से संबंधित विभागों में सक्रियता देखी गई तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।












