14 अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाएगी सैन जयंती
जोधपुर। संत शिरोमणि सैन जी महाराज की जयंती 14 अप्रैल 2026 को जोधपुर में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए मारू नाई विकास समिति की ओर से सैन समाज के सक्रिय सदस्यों की एक आयोजन समिति का गठन किया गया है, जो तैयारियों में जुट गई है।
समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष बालकिशन चौहान ने बताया कि इस संबंध में समिति कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैन जयंती 2026 के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया। बैठक में संजय पंवार को सर्वसम्मति से आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया। वहीं जयंती के अवसर पर जोधपुर शहर में भव्य शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया और शोभायात्रा का संयोजक विक्रम परिहार को नियुक्त किया गया। सुरेंद्र सैन को सैन जयंती समिति का महासचिव मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष संजय पंवार ने कहा कि परम पूज्य अचलानन्द जी महाराज के मार्गदर्शन में 14 अप्रैल को संत शिरोमणि सैन जी महाराज की जयंती को भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग एकता और हर्षोल्लास के साथ इस आयोजन में भाग लेंगे। साथ ही शीघ्र ही समिति का विस्तार कर अन्य सदस्यों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
शोभायात्रा संयोजक विक्रम परिहार ने बताया कि इस बार समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के संदेश देने वाली झांकियों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। धीरज चौहान ने कहा कि इस शोभायात्रा में क्षौरकार बंधुओं के साथ समाज की महिलाओं और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रहेगी।
बैठक का संचालन श्री सैन मारू शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष लूणाराम सेन ने किया, जबकि विकास समिति के सलाहकार सचिव सोहन सैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।












